StateNewsChhattisgarhछत्तीसगढ़

शराब घोटाला जांच में ACB-EOW की बड़ी कार्रवाई: कारोबारी के ठिकानों पर छापेमारी, अहम दस्तावेज जब्त

बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाला मामले की जांच के बीच एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) और आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने शनिवार को बलौदाबाजार जिले में बड़ी कार्रवाई की।

संयुक्त टीम ने शहर के कान्हा विहार स्थित शराब कारोबारी अहिंदर के निवास समेत उससे जुड़े अन्य ठिकानों पर छापेमारी कर कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और वित्तीय रिकॉर्ड जब्त किए हैं।

जानकारी के अनुसार, ACB और EOW की टीम सुबह से ही कार्रवाई में जुट गई थी। अधिकारियों ने कारोबारी के घर और अन्य संबंधित स्थानों पर दस्तावेजों की गहन जांच की।

इस दौरान कारोबारी से पूछताछ भी की गई और उसके आय-व्यय, व्यावसायिक गतिविधियों तथा वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले गए। कई घंटों तक चली इस कार्रवाई से इलाके में हलचल का माहौल रहा।

सूत्रों के मुताबिक जांच एजेंसियां कारोबारी के बैंकिंग ट्रांजेक्शन, संपत्तियों और विभिन्न वित्तीय गतिविधियों की पड़ताल कर रही हैं। छापेमारी के दौरान कई अहम दस्तावेज, रजिस्टर और अन्य रिकॉर्ड जब्त किए गए हैं, जिन्हें आगे की जांच के लिए अपने कब्जे में लिया गया है।

बताया जा रहा है कि जांच एजेंसियां इस कार्रवाई के दौरान शराब घोटाले से जुड़े संभावित संबंधों की भी जांच कर रही हैं।

जब्त दस्तावेजों के आधार पर कारोबारी के संपर्कों और वित्तीय लेनदेन की कड़ियों को खंगाला जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि इन दस्तावेजों से जांच को नई दिशा मिल सकती है।

गौरतलब है कि शराब घोटाले से जुड़े मामलों में पहले भी कई स्तरों पर कार्रवाई हो चुकी है। बलौदाबाजार जिले में आबकारी विभाग के एक अधिकारी के खिलाफ भी मामला दर्ज किया जा चुका है। ऐसे में इस छापेमारी को जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

हालांकि ACB और EOW की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि जब्त दस्तावेजों के विश्लेषण के बाद आने वाले दिनों में मामले से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

Related Articles

Back to top button