मजदूर की बेटी ने रचा इतिहास: 12वीं बोर्ड में प्रदेश में दूसरा स्थान, 98.20% अंक हासिल

बेमेतरा। मेहनत और लगन के दम पर बेमेतरा की ओमनी वर्मा ने छत्तीसगढ़ बोर्ड की 12वीं परीक्षा में प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन कर दिया है। शासकीय आत्मानंद हिंदी माध्यम विद्यालय की छात्रा ओमनी ने 98.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर यह उपलब्धि हासिल की।
ओमनी एक साधारण मजदूर परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता कमोद वर्मा राइस मिल में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। छह बहनों और एक भाई के बड़े परिवार में ओमनी पांचवें स्थान पर हैं। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने पढ़ाई में निरंतरता बनाए रखी और शानदार सफलता प्राप्त की।
ओमनी ने बताया कि उन्हें अच्छे परिणाम की उम्मीद थी, लेकिन प्रदेश में दूसरा स्थान मिलेगा, इसकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की थी। रिजल्ट घोषित होने के बाद स्कूल के प्राचार्य और शिक्षक उनके घर पहुंचे और परिवार को इस उपलब्धि की जानकारी दी। उस समय उनके पिता काम पर गए हुए थे। जब उन्हें बेटी की सफलता के बारे में पता चला तो वे भावुक हो उठे और कहा कि उन्हें अपनी बेटी पर हमेशा भरोसा था।
ओमनी की इस सफलता से न केवल उनका परिवार, बल्कि पूरा गांव और जिला गौरवान्वित महसूस कर रहा है। शिक्षकों ने भी उनकी मेहनत और लगन की सराहना की है।
भविष्य को लेकर ओमनी ने बताया कि वह वाणिज्य संकाय में आगे की पढ़ाई जारी रखते हुए बैंकिंग क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहती हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि वह अपने पिता की इच्छा को भी प्राथमिकता देंगी। ओमनी वर्मा की यह उपलब्धि यह साबित करती है कि कठिन हालात भी मजबूत इरादों के आगे बाधा नहीं बन सकते।





