कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में राज ज्वेलर्स में हुई लूट की कोशिश का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।
मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने बॉलीवुड फिल्म ‘आंखें’ देखकर वारदात की साजिश रची थी।
तीनों पहले हत्या, दुष्कर्म और अन्य गंभीर अपराधों में जेल जा चुके हैं और वहीं उनकी दोस्ती हुई थी।
पुलिस के मुताबिक, 1 जुलाई को कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरीकला स्थित राज ज्वेलर्स में तीन आरोपी ग्राहक बनकर पहुंचे। इनमें से एक महिला के भेष में था, जबकि तीनों ने अपने चेहरे गमछे से ढक रखे थे।
चांदी की अंगूठी देखने के बहाने दुकानदार को काउंटर तक बुलाया गया। इसके बाद एक आरोपी ने दुकान का दरवाजा बंद कर दिया, दूसरे ने देशी कट्टा तान दिया और तीसरे ने मिर्च पाउडर डालने की कोशिश करते हुए जेवर बैग में भरने शुरू कर दिए।
इसी दौरान दुकान के बाहर लोगों की भीड़ जुटने लगी। खुद को घिरता देख आरोपी देशी कट्टा और चोरी की मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस ने शहर और आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी और साइबर जांच के आधार पर गोपाल सिंह गोंड (38) और परदेशी राठिया (40) को गिरफ्तार कर लिया गया। तीसरा आरोपी विष्णु प्रसाद राठिया अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि जेल से रिहा होने के बाद उन्होंने मिलकर लूट की योजना बनाई थी। वारदात के लिए चोरी की बाइक और नकली देशी कट्टे का इस्तेमाल किया गया।
गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी जशपुर, पत्थलगांव, धरमजयगढ़, सीतापुर और अंबिकापुर के जंगल वाले रास्तों से भागने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
