
कोरबा। जिले के पोड़ी उपरोड़ा क्षेत्र के ग्राम पंचायत आमाटिकरा निवासी गुलाब मरकाम के घर बुधवार को महुआ तिहार कार्यक्रम में बकरा भात की दावत खाकर एक युवक की मौत हो गई। वहीं कटघोरा उप स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती 4 साल के बच्चे मिथलेश की हालत गंभीर बनी हुई है। मिथलेश के पिता ने बताया कि करीब 100 लोग दावत में शामिल हुए थे। इनमें से 80 फीसदी बीमार हैं। हालांकि इतने लोगों के एक साथ बीमार होने की पुष्टि नहीं हुई है।
जानकारी के मुताबिक बुधवार देर रात लोगों के गांव में बीमार होने की सूचना मिली थी। इसके बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से एक टीम भेजी गई। सुबह भी प्रशासन की टीम मौके पर जांच के लिए गई थी। रात को 9 लोगों को अस्पताल में भर्ती किया गया था। इसके बाद गुरुवार को भी कुछ मरीज पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है। गांव में आयोजन था। वहां बने खाने में गड़बड़ी के चलते इतने सारे लोग बीमार हुए थे। सबका इलाज जारी है।