‘काला हिरण’ फिल्म विवाद गहराया, प्रोड्यूसर अमित जानी बोले- यह सलमान खान की बायोपिक नहीं

मुंबई। फिल्म ‘काला हिरण’ को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। अभिनेता सलमान खान की लीगल टीम द्वारा नोटिस भेजे जाने के बाद फिल्म के निर्माता अमित जानी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि उनकी फिल्म सलमान खान की बायोपिक नहीं है और न ही पूरी कहानी अभिनेता के नजरिए से दिखाई गई है।

अमित जानी ने सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में आरोप लगाया कि सलमान खान की लीगल टीम फिल्म की रिलीज और 20 जून को प्रस्तावित टीजर लॉन्च को रोकने के लिए दबाव बना रही है। उनका कहना है कि फिल्म का मुख्य विषय बिश्नोई समाज का संघर्ष, उनकी सांस्कृतिक विरासत और वन्यजीव संरक्षण के प्रति उनका समर्पण है। उन्होंने कहा कि सलमान खान फिल्म का केवल एक हिस्सा हैं, पूरी कहानी नहीं।

दरअसल, हाल ही में फिल्म का पोस्टर जारी किया गया था, जिसके बाद सलमान खान की ओर से कथित तौर पर लीगल नोटिस भेजा गया। नोटिस में फिल्म के निर्माण और प्रचार-प्रसार को तत्काल रोकने की मांग की गई है। सलमान की कानूनी टीम का तर्क है कि फिल्म उनके चर्चित काला हिरण शिकार मामले से प्रेरित प्रतीत होती है, जिससे उनकी छवि प्रभावित हो सकती है और चल रही कानूनी प्रक्रिया पर असर पड़ सकता है।

फिल्म ‘काला हिरण’ के निर्देशक भारत एस. श्रीनेत हैं और इसका टीजर 20 जून को जारी किए जाने की घोषणा की गई थी। फिल्म में कथित तौर पर काला हिरण शिकार प्रकरण और उससे जुड़े विवादों की पृष्ठभूमि को दिखाया गया है।

गौरतलब है कि वर्ष 1998 में राजस्थान के जोधपुर में काला हिरण शिकार मामला सामने आया था, जिसमें सलमान खान का नाम प्रमुख रूप से जुड़ा था। यह मामला अभी भी अदालत में विचाराधीन है। ऐसे में फिल्म को लेकर शुरू हुआ विवाद आने वाले दिनों में और अधिक चर्चा का विषय बन सकता है।

Exit mobile version