कचना ओवर-ब्रिज जल्द होगा शुरू: डिप्टी CM अरुण साव ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए तेजी से काम पूरा करने के निर्देश

रायपुर। राजधानी रायपुर के खम्हारडीह-कचना रेलवे क्रॉसिंग पर बन रहा रेलवे ओवर-ब्रिज जल्द आम लोगों के लिए शुरू हो सकता है। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने गुरुवार को निर्माणाधीन ओवर-ब्रिज के अंतिम चरण के कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को जल्द से जल्द काम पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएम साव ने ओवर-ब्रिज पर पैदल चलकर तकनीकी गुणवत्ता और निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने लाइटिंग व्यवस्था के लिए बेहतर गुणवत्ता वाले पोल और लाइट्स लगाने के निर्देश भी दिए। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल, प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी और सेतु संभाग के मुख्य अभियंता एस.के. कोरी मौजूद रहे।

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि ओवर-ब्रिज का करीब 96 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। बचे हुए कार्यों को तेजी से पूरा कर जल्द यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पुल के शुरू होने से रायपुर शहर और आसपास के गांवों के हजारों लोगों को ट्रैफिक जाम और रेलवे फाटक बंद होने की समस्या से राहत मिलेगी।

डिप्टी सीएम साव ने कहा कि राज्य सरकार राजधानी के यातायात को व्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। कचना ओवर-ब्रिज इस दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना है, जिसका लंबे समय से लोग इंतजार कर रहे थे।

लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के मुताबिक रायपुर-वाल्टेयर रेलवे लाइन पर करीब 49 करोड़ रुपए की लागत से यह ओवर-ब्रिज बनाया जा रहा है।

पुल के रेलवे हिस्से सहित दोनों छोरों और पहुंच मार्ग का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। फिलहाल पेंटिंग और फिनिशिंग का काम चल रहा है। इसके बाद नाली निर्माण और लाइटिंग का कार्य किया जाएगा। ओवर-ब्रिज शुरू होने से इस रूट पर यातायात तेज और व्यवस्थित हो सकेगा।

Exit mobile version