ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर की मुलाकात, साझा विकास पर हुई चर्चा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच छत्तीसगढ़ और झारखंड के साझा विकास, जनजातीय क्षेत्रों के सशक्तीकरण तथा दोनों राज्यों के बीच सहयोग बढ़ाने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ और झारखंड सिर्फ पड़ोसी राज्य नहीं हैं, बल्कि दोनों की साझा जनजातीय विरासत, समृद्ध सांस्कृतिक परंपराएं और सामाजिक संबंध उन्हें एक-दूसरे से गहराई से जोड़ते हैं। उन्होंने विशेष रूप से जशपुर और झारखंड के बीच वर्षों से चले आ रहे पारिवारिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह निकटता दोनों राज्यों के रिश्तों को और मजबूत बनाती है।

बैठक के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों के समग्र विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, प्रशासनिक समन्वय और विकास के सफल अनुभवों के आदान-प्रदान पर भी विचार-विमर्श किया गया। दोनों नेताओं ने जनजातीय समुदायों के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए मिलकर कार्य करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री साय ने विश्वास जताया कि दोनों राज्यों के बीच लगातार संवाद और सहयोग से विकास के नए अवसर पैदा होंगे। इससे सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।

सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई यह मुलाकात छत्तीसगढ़ और झारखंड के बीच आपसी सहयोग, समन्वय और विकासोन्मुखी संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। दोनों पक्षों ने भविष्य में भी विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने और साझा हितों से जुड़े मुद्दों पर निरंतर संवाद बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई।

Related Articles

Back to top button