जलजीवन मिशन की टंकी लीक, ग्रामीणों को नहीं मिल रहा पानी: कोरिया में पेयजल संकट गहराया

कोरिया। जिले के बैकुंठपुर तहसील अंतर्गत ग्राम मदनपुर में जल जीवन मिशन की लापरवाही अब ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या बन गई है। करीब चार साल पहले बनाई गई पानी की टंकी अब पूरी तरह लीक हो चुकी है, जिसके कारण गांव के किसी भी घर तक पानी की सप्लाई नहीं पहुंच पा रही है। इससे पूरे गांव में पेयजल संकट गहराता जा रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि टंकी का निर्माण बिना स्थायी जल स्रोत के ही कर दिया गया था। शुरुआती दिनों में ही इसमें तकनीकी खामियां सामने आने लगी थीं, लेकिन समय रहते सुधार नहीं किया गया। अब स्थिति यह है कि टंकी से पानी रिसकर बर्बाद हो रहा है और पाइपलाइन तक सप्लाई ही नहीं हो पा रही।

पानी की समस्या से जूझ रहे ग्रामीण अब ढोढ़ी (छोटे जल स्रोत) का पानी पीने को मजबूर हैं। जिस जगह से पानी लिया जा रहा है, वहां अस्थायी व्यवस्था के तहत बिजली के पोल लगाकर रस्सी के सहारे पानी निकाला जा रहा है। यह तरीका न केवल असुविधाजनक है, बल्कि दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है।

गांव के कुओं का जल स्तर भी लगातार गिर रहा है, जिससे आने वाले दिनों में संकट और बढ़ने की आशंका है। गर्मी बढ़ने के साथ स्थिति और गंभीर हो सकती है। स्वच्छ पेयजल की कमी के कारण ग्रामीणों में स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं भी बढ़ रही हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द टंकी की मरम्मत कराई जाए और गांव में स्थायी जल स्रोत की व्यवस्था की जाए। लोगों का कहना है कि जल जीवन मिशन जैसी महत्वपूर्ण योजना में इस तरह की लापरवाही से योजना की मंशा पर ही सवाल खड़े हो रहे हैं।

Exit mobile version