सरगुजा। सरगुजा जिले के वरिष्ठ नागरिकों के लिए सोमवार का दिन खास रहा। समाज कल्याण विभाग की पहल पर अंबिकापुर में ‘सियान गुड़ी’ (वरिष्ठ नागरिक डे-केयर सेंटर) की शुरुआत की गई। वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने समाज कल्याण एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की उपस्थिति में केंद्र का शुभारंभ किया। इस दौरान दोनों मंत्रियों ने वरिष्ठ नागरिकों के साथ कैरम और लूडो खेलकर आत्मीय संवाद भी किया।
शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से नई पीढ़ी को सही दिशा मिलती है। उन्होंने कहा कि सियान गुड़ी की स्थापना का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानपूर्ण, सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना है, जहां वे दिनभर विभिन्न गतिविधियों में शामिल होकर बेहतर समय बिता सकें।
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली और व्यस्त दिनचर्या के कारण कई बार बुजुर्ग अकेलापन महसूस करते हैं। ऐसे में यह केंद्र सामाजिक जुड़ाव, स्वास्थ्य संरक्षण और मनोरंजन का प्रभावी माध्यम बनेगा। उन्होंने बताया कि यहां योग एवं प्राणायाम, फिजियोथेरेपी, प्राथमिक स्वास्थ्य जांच, पुस्तकालय, पारिवारिक परामर्श, सांस्कृतिक गतिविधियां, इंडोर गेम्स, स्वल्पाहार और भोजन जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
मनेंद्रगढ़ रोड स्थित इस 25 सीटर डे-केयर सेंटर का संचालन सप्ताह में छह दिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक यहां स्वास्थ्य, मनोरंजन और सामाजिक सहभागिता से जुड़ी गतिविधियों का लाभ उठा सकेंगे।
कार्यक्रम के दौरान बुजुर्गों को शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को व्हीलचेयर और छड़ी भी वितरित की गई। अनामिका वेलफेयर सोसायटी द्वारा संचालित यह केंद्र बुजुर्गों के सामाजिक, मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
