महंगाई भत्ते में वृद्धि का आदेश जारी, एक जनवरी 2026 से मिलेगा लाभ

रायपुर। राज्य के शासकीय कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा घोषित महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत वृद्धि के निर्णय पर अमल करते हुए छत्तीसगढ़ शासन के वित्त विभाग ने इसका आदेश जारी कर दिया है। जारी आदेश के अनुसार अब राज्य के शासकीय कर्मचारियों को एक जनवरी 2026 से 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा।
अब तक राज्य के कर्मचारियों को 55 प्रतिशत महंगाई भत्ता दिया जा रहा था, जो एक सितंबर 2025 से प्रभावी था। नई वृद्धि के बाद छत्तीसगढ़ के सरकारी कर्मचारियों को केंद्र सरकार के कर्मचारियों के समान 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलने लगेगा। इससे लाखों कर्मचारियों को सीधा लाभ होगा और उनकी आय में बढ़ोतरी होगी।
वित्त विभाग द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सातवें वेतनमान के अंतर्गत आने वाले कर्मचारियों को एक जनवरी 2026 से 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। वहीं, छठवें वेतनमान के कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ता बढ़ाकर 257 प्रतिशत कर दिया गया है। महंगाई भत्ते की गणना मूल वेतन के आधार पर की जाएगी।
सरकार के इस फैसले को बढ़ती महंगाई के बीच कर्मचारियों को आर्थिक राहत देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कर्मचारी संगठनों ने भी महंगाई भत्ते में वृद्धि के फैसले का स्वागत किया है। इससे राज्य कर्मचारियों की क्रय शक्ति में सुधार होने की उम्मीद है।





