ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

IPS रतनलाल डांगी केस: हाईकोर्ट ने गृह सचिव से मांगा जवाब

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के सस्पेंडेड IPS अधिकारी रतनलाल डांगी से जुड़े कथित यौन उत्पीड़न मामले में हाईकोर्ट ने राज्य के गृह सचिव समेत अन्य पक्षों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। मामले में SI की पत्नी ने जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए किसी वरिष्ठ, विशेषकर महिला IAS अधिकारी से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

याचिकाकर्ता ने एडवोकेट अभिषेक पांडेय के माध्यम से हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। सुनवाई के दौरान उनके वकील ने आरोप लगाया कि जांच अधिकारी IPS आनंद छाबड़ा अक्टूबर 2025 से जनवरी 2026 तक रतनलाल डांगी के समान रैंक के IG पद पर तैनात थे। याचिका में यह भी कहा गया कि दूसरी जांच अधिकारी DIG मिलना कुर्रे आरोपी अधिकारी से जूनियर थीं। इसी आधार पर दोनों को जांच से हटाने की मांग की गई है।

याचिकाकर्ता का आरोप है कि उन्होंने केंद्रीय गृह सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग और राज्य के गृह विभाग के सचिव को आवेदन देकर जांच अधिकारियों को बदलने की मांग की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्हें हाईकोर्ट का रुख करना पड़ा।

महिला का आरोप है कि योग सिखाने के दौरान उनकी पहचान रतनलाल डांगी से हुई। शुरुआत में ऑनलाइन योग कक्षाओं के दौरान सामान्य बातचीत होती थी, लेकिन बाद में अधिकारी ने वीडियो कॉल पर कथित आपत्तिजनक हरकतें कीं। विरोध करने पर महिला और उनके परिवार को धमकी देने तथा उनके पुलिसकर्मी पति के खिलाफ कार्रवाई कराने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।

याचिका में डांगी की कथित अवैध संपत्ति की जांच और आरोप साबित होने पर सेवा से बर्खास्तगी की मांग भी की गई है। जस्टिस एके प्रसाद ने मामले को गंभीर बताते हुए जल्द जवाब मांगा है। अगली सुनवाई 31 अगस्त वाले सप्ताह में होगी।

Related Articles

Back to top button