IPL का गणित: दिल्ली चौथी जीत के साथ छठे नंबर पर पहुंची, चेन्नई-मुंबई के लिए करो या मरो मुकाबला

दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग में शुक्रवार को दिल्ली केपीटल्स ने शानदार जीत दर्ज करते हुए प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में दिल्ली ने राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराया। राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 225 रन बनाए, जवाब में दिल्ली ने 19.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।

दिल्ली की इस जीत के हीरो केएल राहुल रहे। उन्होंने 40 गेंदों पर 75 रन की विस्फोटक पारी खेली और प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। इस पारी के साथ राहुल सीजन के टॉप स्कोरर बन गए और ऑरेंज कैप पर कब्जा कर लिया। उनके नाम अब 9 मैचों में 433 रन हो चुके हैं।

इस जीत के बाद दिल्ली कैपिटल्स को पॉइंट्स टेबल में एक स्थान का फायदा हुआ है। टीम 9 मैचों में 4 जीत और 5 हार के साथ 8 अंक लेकर छठे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं राजस्थान को हार के बावजूद कोई नुकसान नहीं हुआ। टीम 10 मैचों में 12 अंक के साथ चौथे स्थान पर बनी हुई है।

अब शनिवार को चेन्नई सुपर किंग और मुंबई इंडियंस के बीच बड़ा मुकाबला खेला जाएगा। दोनों टीमों के लिए यह मैच करो या मरो जैसा माना जा रहा है। चेन्नई ने अब तक 8 में से केवल 3 मैच जीते हैं और उसके 6 अंक हैं। प्लेऑफ में पहुंचने के लिए टीम को बाकी सभी मुकाबले जीतने होंगे।

मुंबई की हालत और भी खराब है। हार्दिक पंड्या की कप्तानी वाली टीम ने 8 में सिर्फ 2 मैच जीते हैं और उसके 4 अंक हैं। टीम अगर एक और मुकाबला हारती है तो प्लेऑफ की राह लगभग बंद हो सकती है।

Exit mobile version