दिल्ली। कोलकाता नाइट राइडर्स ने IPL 2026 के 60वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस को 29 रन से हरा दिया। ईडन गार्डन्स में खेले गए मुकाबले में कोलकाता ने 247/2 का विशाल स्कोर बनाया। जवाब में गुजरात की टीम 218/4 रन ही बना सकी। इस मैच के साथ IPL 2026 में 52वीं बार किसी टीम ने 200 से ज्यादा रन बनाए, जो लीग इतिहास में एक सीजन में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा है।
मैच में कई बड़े रिकॉर्ड बने। गुजरात के बल्लेबाज साई सुदर्शन सबसे तेज 3000 टी-20 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने सिर्फ 78 पारियों में यह उपलब्धि हासिल कर ऑस्ट्रेलिया के शॉन मार्श का रिकॉर्ड तोड़ा। मार्श ने 85 पारियों में 3000 रन पूरे किए थे। सुदर्शन लगातार चौथी बार 50+ स्कोर बनाने वाले गुजरात के पहले बल्लेबाज भी बने।
गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने लगातार दूसरे सीजन 500+ रन पूरे किए। वहीं KKR की ओर से फिन एलन ने 93 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 10 छक्के शामिल रहे। कोलकाता ने पूरी पारी में कुल 22 सिक्स लगाए, जो IPL इतिहास में संयुक्त रूप से चौथे सबसे ज्यादा हैं।
अंगकृष रघुवंशी ने नाबाद 82 रन बनाए और इस सीजन KKR के लिए पांचवीं बार 50+ स्कोर किया। वहीं सुनील नरेन IPL में 200 मैच खेलने वाले पहले विदेशी खिलाड़ी बने। दूसरी ओर गुजरात के राशिद खान ने अपने IPL करियर का सबसे महंगा स्पेल डाला और 4 ओवर में 57 रन खर्च किए।
