मुंबई। गणेशोत्सव के मौके पर मुंबई स्थित टी-सीरीज ऑफिस में सत्यनारायण पूजन का आयोजन किया गया। हर साल की तरह इस बार भी टी-सीरीज के मैनेजिंग डायरेक्टर भूषण कुमार ने गणपति बप्पा की स्थापना की। पूजा में बॉलीवुड के कई कलाकार शामिल हुए और भगवान गणेश के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
इस दौरान वरुण धवन, कार्तिक आर्यन, टाइगर श्रॉफ, तृप्ति डिमरी, आयुष्मान खुराना, रकुल प्रीत सिंह, सनी लियोनी, नेहा शर्मा और पलक तिवारी समेत कई सितारे नजर आए। ज्यादातर कलाकार पारंपरिक भारतीय परिधानों में पूजा में शामिल हुए।
वरुण-कार्तिक और टाइगर पारंपरिक अंदाज में पहुंचे
कार्तिक आर्यन हल्के नीले रंग के कुर्ते में टी-सीरीज ऑफिस पहुंचे। उन्होंने भूषण कुमार के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। टाइगर श्रॉफ सफेद कुर्ता-पायजामा पहनकर पहुंचे और गणपति बप्पा को फूल चढ़ाते नजर आए। वरुण धवन ने भी पारंपरिक परिधान में पूजा-अर्चना की और वहां मौजूद लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
आयुष्मान खुराना पत्नी ताहिरा कश्यप के साथ पूजा में पहुंचे। दोनों एथनिक लुक में नजर आए। रकुल प्रीत सिंह और तृप्ति डिमरी भी सादगी भरे पारंपरिक कपड़ों में दिखाई दीं।
जैकी श्रॉफ ने फोटोग्राफर्स को बांटा प्रसाद
अभिनेता जैकी श्रॉफ भी पूजा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद फोटोग्राफर्स और लोगों को प्रसाद बांटा। उनका यह अंदाज कैमरे में कैद हो गया।
सनी लियोनी पति डेनियल वेबर के साथ पहुंचीं। सनी साड़ी और डेनियल कुर्ता-पायजामा में नजर आए।
‘हनुमान अंश’ फेम शोभिनव भी पहुंचे
फिल्म ‘हनुमान अंश’ में नीम करोली बाबा की भूमिका निभाने वाले अभिनेता शोभिनव सत्य भी पूजा में शामिल हुए। वे साधारण कुर्ते और कंधे पर बैग के साथ नजर आए। उन्होंने हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन किया।
टी-सीरीज ऑफिस में हर साल गणेश चतुर्थी के दौरान पूजा आयोजित की जाती है, जिसमें फिल्म और म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े कलाकार शामिल होते हैं।
