ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

‘सावधान इंडिया’ देखकर रची लिव-इन पार्टनर की हत्या की साजिश, पिता और दोस्त ने दिया साथ; गिरफ्तार

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक युवक ने अपनी लिव-इन पार्टनर की नृशंस हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के लिए लाश को वॉटरफॉल में फेंक दिया। आरोपी ने हत्या की पूरी प्लानिंग क्राइम शो ‘सावधान इंडिया’ के एपिसोड देखकर रची थी। पुलिस ने इस मामले में प्रेमी, उसके पिता और एक दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है।

शादी का दबाव बना मौत का कारण
मृतका सुखबती बैगा (24) मुंगेली जिले की रहने वाली थी। वह शादीशुदा थी और अपने पति व दो बच्चों को छोड़कर पिछले 3 साल से देवेन्द्र जायसवाल (26) के साथ पुणे में लिव-इन रिलेशन में रह रही थी। सुखबती लगातार देवेन्द्र पर शादी के लिए दबाव बना रही थी, लेकिन देवेन्द्र के पिता केशव प्रसाद को यह रिश्ता समाज में बदनामी के डर से मंजूर नहीं था।

वॉटरफॉल में पत्थर से कुचला सिर
18 मार्च को साजिश के तहत देवेन्द्र अपनी पार्टनर सुखबती को घुमाने के बहाने रानी दहरा वॉटरफॉल लेकर गया। वहाँ पहले से ही उसका दोस्त मनोज पटेल मौजूद था। मौका पाकर आरोपियों ने पत्थर से सुखबती के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी और लाश को नदी में फेंक दिया। 19 मार्च की सुबह ग्रामीणों ने तैरती हुई लाश देखकर पुलिस को सूचना दी।

पुलिस की जांच और खुलासा
शुरुआत में शव की पहचान मुश्किल थी, लेकिन कवर्धा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन के आधार पर जांच तेज की। पुलिस ने देवेन्द्र को पुणे से और उसके पिता व दोस्त को गांव से गिरफ्तार किया। आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें घटनास्थल ले जाकर सीन रिक्रिएट करवाया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1), 238(क) और 61(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। जांच में खुलासा हुआ कि देवेन्द्र ने मर्डर के बाद बचने के लिए टीवी शो के कई एपिसोड देखे थे ताकि वह पुलिस को चकमा दे सके, लेकिन मोबाइल लोकेशन ने उसकी सारी प्लानिंग फेल कर दी।

Related Articles

Back to top button