दिल्ली। जम्मू के बामियाल सेक्टर में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने एक संदिग्ध घुसपैठिए को मार गिराया। घटना शुक्रवार देर रात की है। जवानों ने संदिग्ध को भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश करते देखा था। चेतावनी देने के बावजूद वह आगे बढ़ता रहा, जिसके बाद जवानों ने फायरिंग कर दी।
अधिकारियों के मुताबिक, रात करीब 2:25 बजे पहाड़ीपुर बॉर्डर आउटपोस्ट पर तैनात BSF जवानों को सीमा के पास संदिग्ध गतिविधि नजर आई। निगरानी के दौरान एक व्यक्ति अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर भारतीय क्षेत्र की ओर बढ़ता दिखाई दिया। जवानों ने उसे रुकने की चेतावनी दी, लेकिन उसने आदेश को नजरअंदाज कर दिया।
उज्ज गैप की ओर बढ़ रहा था संदिग्ध
अधिकारियों के अनुसार, जवानों ने संदिग्ध को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह उज्ज गैप की दिशा में लगातार आगे बढ़ता रहा। इसके बाद सुरक्षा बल ने उसे रोकने के लिए पांच राउंड फायरिंग की। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी गई है। इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की जांच की जा रही है। फिलहाल मारे गए व्यक्ति की पहचान और उसके भारतीय सीमा में दाखिल होने के मकसद को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
सीमा पर तैनात जवानों को लगातार सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, किसी भी तरह की घुसपैठ की कोशिश को रोकने के लिए निगरानी जारी है।
