रांची। सोमवार, 2 जून को इंडिगो की रांची जाने वाली फ्लाइट को उस समय आपात स्थिति में लैंड कराना पड़ा, जब विमान 3 से 4 हजार फीट की ऊंचाई पर एक गिद्ध से टकरा गया। हादसा दोपहर 1:14 बजे के करीब हुआ, जब विमान रांची एयरपोर्ट से कुछ दूरी पर था। टक्कर के बाद पायलट ने सतर्कता दिखाते हुए विमान को करीब 40 मिनट तक हवा में सुरक्षित रखा और फिर रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई।
फ्लाइट में 175 यात्री सवार थे और सभी सुरक्षित हैं। एयरपोर्ट के डायरेक्टर आर.आर. मौर्य ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि विमान के अगले हिस्से में बड़ा डेंट आ गया है। विमान की रिपेयरिंग फिलहाल एयरपोर्ट पर ही की जा रही है। यह फ्लाइट आगे कोलकाता जाने वाली थी, लेकिन अब रांची में ही खड़ी है।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि एक पक्षी विमान को इतना नुकसान कैसे पहुंचा सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, 1.8 किलो का पक्षी जब तेज रफ्तार विमान से टकराता है, तो 3.5 लाख न्यूटन तक की ताकत पैदा होती है। यह ताकत एक बुलेट की तुलना में 130 गुना ज्यादा होती है। यही वजह है कि ‘बर्ड हिट’ को विमानन सुरक्षा में गंभीर जोखिम माना जाता है। फिलहाल, इंजीनियर विमान की जांच कर रहे हैं और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।