स्वतंत्रता दिवस: छत्तीसगढ़ में राज्य और जिला स्तरीय समारोहों के लिए मुख्य अतिथियों की सूची जारी, रायपुर में मुख्यमंत्री करेंगे ध्वजारोहण

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य स्तरीय और जिला स्तरीय समारोहों के लिए मुख्य अतिथियों की सूची जारी कर दी है।

सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) की ओर से जारी आदेश के अनुसार, 15 अगस्त को राजधानी रायपुर सहित सभी जिला मुख्यालयों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

राज्य स्तरीय समारोह राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में होगा, जहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराएंगे और परेड की सलामी लेंगे। इस दौरान वे प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए सरकार की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी भी देंगे।

जारी सूची के अनुसार, राजनांदगांव में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह मुख्य अतिथि होंगे। वहीं बिलासपुर में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, दुर्ग में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और बस्तर में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ध्वजारोहण करेंगे।

सरगुजा में आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम, महासमुंद में खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, दंतेवाड़ा में वन मंत्री केदार कश्यप और कबीरधाम में उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

इसी तरह मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, रायगढ़ में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, कांकेर में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, सूरजपुर में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, जांजगीर-चांपा में कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, जशपुर में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल और बालोद में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ध्वजारोहण करेंगे।

इसके अलावा कई जिलों में सांसदों को मुख्य अतिथि बनाया गया है। बलौदाबाजार-भाटापारा में बृजमोहन अग्रवाल, बेमेतरा में विजय बघेल, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में संतोष पांडेय, कोंडागांव में भोजराज नाग, बलरामपुर में चिंतामणि महाराज और सारंगढ़-बिलाईगढ़ में राधेश्याम राठिया ध्वजारोहण करेंगे।

गरियाबंद में रूपकुमारी चौधरी, सक्ती में कमलेश जांगड़े, बीजापुर में महेश कश्यप, सुकमा में राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा मुख्य अतिथि होंगी।

वहीं, कोरबा में विधायक अमर अग्रवाल, धमतरी में अजय चंद्राकर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में धरमजीत सिंह, मुंगेली में पुन्नूलाल मोहले, कोरिया में भैयालाल राजवाड़े और नारायणपुर में लता उसेंडी ध्वजारोहण के बाद मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे।

↑
Exit mobile version