ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

किरंदुल में 7.19 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन: अरुण साव बोले- स्वच्छता, पेयजल और सड़क सुविधाओं को प्राथमिकता

बस्तर। बस्तर प्रवास के दौरान उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने सोमवार को दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल में 7 करोड़ 19 लाख रुपए की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने नगर पालिका की मांग पर 3.72 करोड़ रुपए के नए कार्यों को मंजूरी देने के साथ ही अतिरिक्त दो करोड़ रुपए देने की भी घोषणा की।

कार्यक्रम में 4.14 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और 3.04 करोड़ रुपए के कार्यों का भूमिपूजन किया गया। उप मुख्यमंत्री ने ऑक्सीजोन परिसर में बस्तर के प्रसिद्ध टाइगर बॉय चेंदरू की प्रतिमा का अनावरण भी किया।

श्री साव ने जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) से 3.26 करोड़ रुपए की लागत से विकसित ऑक्सीजोन पार्क का लोकार्पण किया। साथ ही नगर पालिका को बैक हो लोडर मशीन, सक्शन मशीन सह मेला टैंकर, ट्रैक्टर इंजन और पानी टैंकर भी सौंपे। उन्होंने कहा कि इन संसाधनों से शहर की स्वच्छता व्यवस्था और मजबूत होगी तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

इस अवसर पर नाला निर्माण, मुक्तिधाम निर्माण और विभिन्न वार्डों में सीसी रोड निर्माण कार्यों का भूमिपूजन भी किया गया। उप मुख्यमंत्री ने बस पार्किंग, स्टेज-स्टैंड क्षेत्र में सीसी रोड और विद्युत व्यवस्था के लिए 1.58 करोड़ रुपए तथा अतिरिक्त सीसी रोड निर्माण के लिए 27 लाख रुपए स्वीकृत करने की घोषणा की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री साव ने कहा कि पिछले दो वर्षों में किरंदुल नगर पालिका क्षेत्र में 16.43 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत और संचालित किए गए हैं। राज्य सरकार सिटी डेवलपमेंट प्लान के अनुरूप शहरों का विकास कर रही है। स्वच्छता, पेयजल, सड़क, अधोसंरचना और नागरिक सुविधाओं को बढ़ाने के लिए लगातार काम किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का लक्ष्य तेजी से साकार हो रहा है। सरकार बस्तर क्षेत्र में सड़क, पेयजल और शहरी अधोसंरचना के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर कार्य कर रही है।

Related Articles

Back to top button