कोलकाता। पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच मुख्यमंत्री ममता बैनर्जी ने चुनाव आयोग पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पत्र लिखकर आरोप लगाया कि उनकी पार्टी के नेताओं को चुन-चुनकर निशाना बनाया जा रहा है।
उत्तर दिनाजपुर के इस्लामपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि कोलकाता एयरपोर्ट जाते समय केंद्रीय बलों ने उनकी गाड़ी की जांच करने की कोशिश की। इस पर उन्होंने चुनौती भरे अंदाज में कहा, “अगर आपमें हिम्मत है, तो हर दिन मेरी गाड़ी की जांच करें।” उन्होंने सवाल उठाया कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की गाड़ियों की जांच क्यों नहीं की जाती।
मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के मंत्री चुनाव के दौरान पैसे लेकर राज्य में आते हैं। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है और चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश हो रही है।
वहीं, तृणमूल कांग्रेस ने भी आरोप लगाया है कि उसके नेताओं, खासकर अभिषेक बैनर्जी के वाहनों की सघन जांच की जा रही है, जबकि अन्य दलों के नेताओं को छूट दी जा रही है। पार्टी के नेता कुनाल घोष ने इसे “चुनिंदा कार्रवाई” बताया है।
हालांकि, इन आरोपों पर चुनाव आयोग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। दूसरी ओर, भाजपा ने भी चुनावी मैदान में अपनी रणनीति तेज कर दी है। पार्टी ने महिलाओं को हर महीने ₹3,000 देने के वादे के साथ “मातृशक्ति भरोसा कार्ड” लॉन्च किया है, जिसमें स्मृति ईरानी और सुवेंदु अधिकारी शामिल रहे। पश्चिम बंगाल की 294 सीटों पर दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि मतगणना 4 मई को होगी। चुनावी माहौल के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार तेज होता जा रहा है।
