रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि जब नारी शक्ति आगे बढ़ती है तो उसके साथ परिवार, समाज और पूरा देश आगे बढ़ता है। महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा, समान अवसर और आर्थिक स्वावलंबन देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। वे राजधानी के पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय परिसर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागृह में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग के ‘नारी शक्ति सम्मान समारोह’ को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने चिकित्सा, शिक्षा, खेल, साइबर सुरक्षा, पत्रकारिता, कला-संस्कृति, कृषि, महिला उद्यमिता, सामाजिक सेवा और महिला सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सम्मानित महिलाओं की उपलब्धियां हजारों बेटियों के लिए प्रेरणा हैं।
68 लाख महिलाओं को मिल रही महतारी वंदन की सहायता
CM साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की 68 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपए की सहायता दी जा रही है। योजना की 31 किस्तें जारी हो चुकी हैं। यह राशि महिलाओं के आत्मविश्वास और आर्थिक निर्णय लेने की क्षमता को मजबूत कर रही है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 13 लाख 85 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। महिलाएं स्व-सहायता समूहों के जरिए कृषि, वनोपज, लघु उद्योग, स्वरोजगार और ड्रोन संचालन जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ रही हैं।
2026 को ‘महतारी गौरव वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने वर्ष 2026 को ‘महतारी गौरव वर्ष’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। महिलाओं के लिए 481 महतारी सदनों का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य बेटियों को शिक्षा, महिलाओं को रोजगार और उद्यमिता के अवसर तथा जरूरतमंद महिलाओं को सुरक्षा और त्वरित न्याय उपलब्ध कराना है।
