रायपुर में 2 प्रेम कहानियों का खौफनाक अंत: लिव-इन पार्टनर ने छात्रा की हत्या की, इंस्टाग्राम वाली गर्लफ्रेंड का भी गला घोंटा

रायपुर। रायपुर में दो अलग-अलग हत्याकांडों ने सनसनी फैला दी है। एक मामले में लिव-इन पार्टनर ने बीएड छात्रा की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी, जबकि दूसरे मामले में इंस्टाग्राम से शुरू हुई प्रेम कहानी का अंत भी हत्या के साथ हुआ। पुलिस ने दोनों मामलों के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।
मुजगहन थाना क्षेत्र के बोरियाकला हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में कांकेर निवासी बीएड छात्रा भारती नेताम अपने लिव-इन पार्टनर सावंत बघेल के साथ पिछले छह-सात महीनों से रह रही थी। पुलिस के अनुसार सावंत डीएलएड का छात्र है।
परिजनों ने बताया कि आरोपी अक्सर भारती पर शक करता था और उसके साथ मारपीट करता था। 4 अगस्त की रात भारती ने अपनी बहन को फोन कर मारपीट की जानकारी दी और गांव लौटने की इच्छा जताई। बहन ने उसके खाते में 3 हजार रुपए भी भेजे, लेकिन इससे पहले ही आरोपी ने कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी।
घटना के बाद सावंत भारती को अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद वह शव छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पोस्टमॉर्टम के दौरान युवती के गले, चेहरे और सिर पर चोट के निशान मिले हैं।

इधर, खमतराई थाना क्षेत्र के डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित तालाब में मिली युवती नंदनी जैन की हत्या की गुत्थी भी पुलिस ने सुलझा ली है। जांच में सामने आया कि तीन साल पहले इंस्टाग्राम पर शुरू हुआ प्रेम संबंध बेवफाई के शक में खत्म हो गया। आरोपी करण तांडी ने विवाद के दौरान नंदनी का गला दबाकर हत्या कर दी और शव तालाब में फेंक दिया।
दोनों मामलों में पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में दोनों हत्याओं की वजह प्रेम संबंधों में विवाद और अविश्वास सामने आया है।



