ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

6 साल का इंतजार खत्म: छत्तीसगढ़ के 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची जारी, सरकारी नौकरी का रास्ता साफ

रायपुर। छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। राज्य शासन ने उत्कृष्ट खिलाड़ियों की बहुप्रतीक्षित सूची जारी कर दी है।

सामान्य प्रशासन विभाग ने बुधवार को राजपत्र में अधिसूचना प्रकाशित करते हुए 20 खेलों के 156 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किया है। इसके साथ ही इन खिलाड़ियों के लिए राज्य शासन की उत्कृष्ट खिलाड़ी नियुक्ति नीति के तहत शासकीय सेवा में नियुक्ति का रास्ता भी साफ हो गया है।

यह सूची छत्तीसगढ़ उत्कृष्ट खिलाड़ियों को शासकीय सेवा में नियुक्त करने की नीति-2007 के प्रावधानों के तहत जारी की गई है। लंबे समय से खिलाड़ी इस सूची का इंतजार कर रहे थे। सूची जारी होने से प्रदेश के खेल जगत में उत्साह का माहौल है।

दरअसल, 30 जून को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय समिति की बैठक में उत्कृष्ट खिलाड़ियों के चयन को अंतिम मंजूरी दी गई थी।

बैठक में उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव सहित समिति के अन्य सदस्यों ने वर्ष 2018-19 और 2019-20 के लिए प्राप्त आवेदनों की विस्तृत समीक्षा की थी। पात्रता, उपलब्धियों और सभी निर्धारित मानकों के परीक्षण के बाद 156 खिलाड़ियों का चयन किया गया।

बैठक के बाद सूची को राजपत्र में प्रकाशित करने के लिए सामान्य प्रशासन विभाग को भेजा गया था। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद अब इसका आधिकारिक प्रकाशन कर दिया गया है।

सरकार का कहना है कि उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सम्मान और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। इससे खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और प्रदेश के युवा खेलों में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होंगे।

लंबे समय से लंबित इस प्रक्रिया के पूरा होने से राज्य के खेल जगत को बड़ी राहत मिली है और चयनित खिलाड़ियों के लिए सरकारी सेवा में नियुक्ति की राह आसान हो गई है।

Related Articles

Back to top button