गृहमंत्री शाह की जगदलपुर में 4 मुख्यमंत्रियों संग बैठक: पहली बार बस्तर में मध्य क्षेत्रीय परिषद, योगी भी पहुंचे

रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बस्तर दौरे का मंगलवार को दूसरा दिन है। गृह मंत्री आज जगदलपुर के एक निजी होटल में 26वीं मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बस्तर के इतिहास में पहली बार इस स्तर की हाई-प्रोफाइल बैठक आयोजित हो रही है।

बैठक में सीएम योगी आदित्यनाथ, सीएम मोहन यादव, सीएम पुष्कर सिंह धामी और सीएम विष्णुदेव साय शामिल हो रहे हैं। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार सुबह जगदलपुर पहुंचे, जहां भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया।

केंद्र सरकार इस बैठक के जरिए बस्तर की बदलती तस्वीर दिखाने की कोशिश कर रही है। लंबे समय तक नक्सल हिंसा के लिए चर्चित रहे बस्तर में अब बड़े राजनीतिक और प्रशासनिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसे सुरक्षा से विकास की ओर बढ़ते बस्तर के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

बैठक में राज्यों के बीच समन्वय, कानून व्यवस्था, सीमा विवाद, परिवहन, जल संसाधन, बिजली और आंतरिक सुरक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। खासतौर पर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में संयुक्त रणनीति और राज्यों के बेहतर तालमेल पर फोकस रहेगा।

सोमवार को शाह ने बस्तर में कहा था कि सरकार ने नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की है और अब बस्तर को विकास, पर्यटन और निवेश का केंद्र बनाया जाएगा। वहीं कांग्रेस नेता दीपक बैज ने बैठक पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसे वर्चुअल तरीके से भी आयोजित किया जा सकता था, जिससे सरकारी खर्च और ईंधन की बचत होती।

Exit mobile version