जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए संचालित योजनाओं का असर अब गांवों में भी दिखाई देने लगा है। जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ विकासखंड के ग्राम पोड़ी की हेमलता मनहर ने आधुनिक तकनीक को रोजगार का जरिया बनाकर अपनी अलग पहचान बनाई है। आज वे अपने क्षेत्र में ‘ड्रोन दीदी’ के नाम से जानी जाती हैं।
हेमलता ने नमो ड्रोन दीदी योजना से जुड़कर कृषि क्षेत्र में ड्रोन तकनीक का प्रशिक्षण लिया। अब वे किसानों के खेतों में ड्रोन के माध्यम से नैनो उर्वरक और कीटनाशक दवाओं का छिड़काव करती हैं। इससे किसानों का समय और श्रम दोनों बच रहे हैं। वहीं हेमलता को सम्मानजनक स्वरोजगार और आय का साधन मिला है।
सालाना 1 से 2 लाख रुपए की कमाई
ड्रोन से कृषि कार्य करने के जरिए हेमलता सालाना करीब 1 से 2 लाख रुपए तक की आय अर्जित कर रही हैं। इस कमाई से वे परिवार की जरूरतों को पूरा करने के साथ बच्चों की पढ़ाई में भी सहयोग कर रही हैं। उनका कहना है कि पहले उनकी दिनचर्या घरेलू जिम्मेदारियों तक सीमित थी, लेकिन सरकारी योजना से मिले अवसर ने उन्हें अपनी क्षमता पहचानने का मौका दिया।
महतारी वंदन से मिला आर्थिक संबल
हेमलता को महतारी वंदन योजना का लाभ भी मिल रहा है। योजना से मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता परिवार की जरूरतों को पूरा करने में मददगार है। वहीं ड्रोन संचालन से होने वाली कमाई ने उनकी आर्थिक स्थिति को और मजबूत किया है।
हेमलता का कहना है कि महिलाओं को केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि कौशल और रोजगार के अवसर भी मिलने चाहिए। तकनीक से जुड़कर महिलाएं अपने परिवार के साथ गांव और प्रदेश की अर्थव्यवस्था में भी योगदान दे सकती हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की योजनाओं के प्रति आभार जताते हुए हेमलता कहती हैं कि सरकार की पहल से ग्रामीण महिलाओं को आगे बढ़ने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है। उनकी कहानी बताती है कि गांव की महिलाएं अब तकनीक के सहारे खेतों में नई संभावनाएं तलाश रही हैं और आत्मनिर्भरता की नई मिसाल कायम कर रही हैं।
