कांग्रेस नेता अपराधियों के साथ, चड्डी-बनियान गिरोह जैसे: BJP

रायपुर। जांजगीर-चांपा के श्याम सुपर मार्केट डकैती कांड में एनएसयूआई नगर अध्यक्ष जितेंद्र दिनकर की गिरफ्तारी के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने कहा कि प्रदेश में बढ़ते अपराध का मुख्य कारण कांग्रेस है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का हाथ जनता के साथ नहीं, बल्कि अपने पार्टी के अपराधियों के साथ है।
डॉ. मार्कण्डेय ने कांग्रेस नेताओं की तुलना “चड्डी-बनियान गिरोह” से की और कहा कि प्रदेश में कांग्रेस नेता अपराधियों को संरक्षण देकर अपराधियों का राजनीतिकरण और राजनीति का अपराधीकरण कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि डकैती कांड में गिरफ्तार एनएसयूआई कार्यकर्ता इसका ताजा उदाहरण है कि कांग्रेस अब अपराधियों की पनाहगार बन चुकी है।
उन्होंने यह भी कहा कि जिस घर से हथियार बरामद हुए, वह कांग्रेस विधायक से जुड़ा है। इससे साफ है कि कांग्रेस जनता की सेवा और सुरक्षा के रास्ते से भटक चुकी है। डॉ. मार्कण्डेय ने बलौदाबाजार हिंसा और महिला विधायक के अवैध रेत खनन के लिए रंगदारी वसूली के ऑडियो को भी इसका उदाहरण बताया।
भाजपा महामंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में अपराधों में लगातार इजाफा हुआ है। उन्होंने कहा कि किसानों के लाखों रुपए फर्जी तरीके से ट्रांसफर करने से लेकर बस्तर और सरगुजा तक कांग्रेस नेताओं की संलिप्तता सामने आई है। एनसीआरबी की रिपोर्ट भी यह बताती है कि कांग्रेस जहां भी सत्ता में है, अपराध बढ़ रहे हैं।
डॉ. मार्कण्डेय ने कहा कि कांग्रेस अपराधियों को संरक्षण देकर जनता को डराने की राजनीति कर रही है और फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाकर सरकार पर हमले करती है। उन्होंने इसे कांग्रेस का दोहरा चरित्र बताया जो प्रदेश की आंतरिक सुरक्षा के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन गया है। पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा प्रवक्ता डॉ. किरण बघेल भी मौजूद रहीं।