छत्तीसगढ़ के 20 जिलों में हीटवेव का अलर्ट, रायपुर में पारा 45.7°C पहुंचा; राजनांदगांव सबसे गर्म

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नौतपा के दौरान भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 20 जिलों में अगले तीन दिनों तक हीटवेव यानी लू चलने का अलर्ट जारी किया है।
26 से 28 मई के बीच राज्य के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में गर्म हवाओं का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। वहीं कुछ इलाकों में आंधी और हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश का मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा। राजानांदगांव सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी रायपुर में भी पारा 45.7°C तक पहुंच गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 24.7°C दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में मंगलवार को मौसम मुख्य रूप से साफ रहेगा। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय बाहर निकलना मुश्किल हो सकता है। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक धूप में निकलने से बचने की सलाह दी है।
डॉक्टरों के मुताबिक नौतपा के दौरान शरीर में पानी की कमी, चक्कर, थकान और हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में ज्यादा से ज्यादा पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप से बचने की सलाह दी गई है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।
मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि कुछ जिलों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।





