ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

गणेश विसर्जन के दौरान चाकूबाजी: विवाद सुलझाने पहुंचे 3 युवकों पर चाकू से हमला, हालत गंभीर

बिलासपुर। गणेश विसर्जन के दौरान बिलासपुर में दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में नशे में धुत युवकों के बीच विवाद के बाद तीन युवकों पर चाकू से हमला कर दिया गया। तीनों घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

प्रतिमा विसर्जन से लौटते समय हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, सिरगिट्टी क्षेत्र की नायक गणेश उत्सव समिति के पदाधिकारी और सदस्य गणेश प्रतिमा के विसर्जन के लिए गए थे। लौटते समय बड़े बन्नाक तालाब के पास समिति से जुड़े कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। पुलिस के मुताबिक, कुछ युवक नशे की हालत में थे और उनके बीच मारपीट होने लगी।

इसी दौरान बन्नाक चौक स्थित महावीर नगर निवासी राहुल सिंह ठाकुर (24), माता चौरा निवासी सिद्धांत ध्रुव (22) समेत तीन युवकों ने विवाद कर रहे युवकों को रोकने की कोशिश की। आरोप है कि इससे नाराज युवकों ने उन्हीं पर हमला कर दिया।

चाकू से हमला, तीनों को अस्पताल भेजा

हमलावरों ने तीनों युवकों पर चाकू से वार कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल भेजा। पुलिस ने नायक गणेश उत्सव समिति के अध्यक्ष अनुज, शेखर कांति, करण रजक समेत कुछ युवकों को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार, जांच में फिलहाल किसी पुरानी रंजिश के बजाय नशे की हालत में विवाद बढ़ने की बात सामने आई है।

जूना बिलासपुर में भी मारपीट

गणेश विसर्जन के दौरान सिटी कोतवाली क्षेत्र के जूना बिलासपुर में भी युवकों के दो पक्षों में विवाद हुआ। गोंड़पारा और सरकंडा से आए युवकों के बीच गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर विवाद कर रहे युवकों को पकड़ा और सभी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।

प्रशासन की सख्ती के बावजूद हुड़दंग

गणेश विसर्जन से पहले पुलिस और प्रशासन ने समितियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर हुड़दंग और नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की चेतावनी दी थी। डीजे को लेकर भी निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद कई इलाकों में मारपीट और सड़क पर डीजे बजाने से जाम की स्थिति बनी। पुलिस अब घटनाओं में शामिल युवकों की भूमिका की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button