सरकारी योजना से बदली किस्मत, 50 हजार की मदद से खड़ा किया बकरी पालन का कारोबार: अब 30-35 बकरियों के मालिक, बेचकर 40 हजार रुपए कमाए

नारायणपुर के मंगेश पोटाई को बकरी उद्यमिता विकास योजना का मिला लाभ, पशुधन विभाग के मार्गदर्शन से बढ़ा स्वरोजगार

नारायणपुर। नारायणपुर जिले के ग्राम मातला के मंगेश पोटाई कभी आर्थिक तंगी के कारण बकरी पालन का व्यवसाय आगे नहीं बढ़ा पा रहे थे। आज उनके पास 30 से 35 बकरियां हैं और इस काम से परिवार की आमदनी भी बढ़ रही है।

राज्य शासन की बकरी उद्यमिता विकास योजना के तहत मिली 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता और पशुधन विकास विभाग के तकनीकी मार्गदर्शन ने उनके छोटे से प्रयास को स्वरोजगार का जरिया बना दिया है। अब मंगेश बकरियों की संख्या बढ़ाकर कारोबार का विस्तार करना चाहते हैं।

आर्थिक तंगी से रुका था कारोबार

नारायणपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत मातला निवासी मंगेश पोटाई, पिता गिंजरू राम, की शुरू से ही बकरी पालन में रुचि थी। वे इसे आय का स्थायी साधन बनाना चाहते थे, लेकिन पूंजी की कमी के कारण व्यवसाय को बड़े स्तर पर शुरू नहीं कर पा रहे थे। इसी दौरान उन्हें पशुधन विकास विभाग की बकरी उद्यमिता विकास योजना की जानकारी मिली। उन्होंने पशु चिकित्सालय बेनूर से संपर्क कर योजना के लिए आवेदन किया। इसके बाद उन्हें 50 हजार रुपए की सहायता मिली।

12 बकरे बेचकर कमाए 40 हजार रुपए

आर्थिक मदद मिलने के बाद मंगेश ने बकरी पालन को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया। पशुधन विकास विभाग के अधिकारियों ने उन्हें संतुलित आहार, साफ-सफाई, उचित आवास और नियमित स्वास्थ्य जांच की जानकारी दी। इसका फायदा यह हुआ कि धीरे-धीरे उनका पशुधन बढ़ता गया।

आज उनके पास करीब 30 से 35 बकरियां हैं। अब तक वे 10 से 12 बकरे बेचकर 35 से 40 हजार रुपए की आमदनी कर चुके हैं। इस कमाई से परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।

अब बकरियों की संख्या बढ़ाने की तैयारी

मंगेश का कहना है कि योजना से मिली आर्थिक सहायता और विभागीय मार्गदर्शन ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने में मदद की। पहले संसाधनों की कमी के कारण वे कारोबार नहीं बढ़ा पा रहे थे, लेकिन अब उन्हें भविष्य में इसके और विस्तार की उम्मीद है।

राज्य शासन ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन आधारित स्वरोजगार को बढ़ावा दे रहा है। मंगेश पोटाई की सफलता बताती है कि आर्थिक सहायता और तकनीकी मार्गदर्शन मिलने पर ग्रामीण परिवार पशुपालन को आय का मजबूत साधन बना सकते हैं।

↑
Exit mobile version