पॉलिटेक्निक कॉलेज का निर्माण घटिया मिला, उप अभियंता सस्पेंड: सड़कें बनाने में देरी पर PWD सचिव नाराज; ठेकेदारों को काम तेज करने के निर्देश

जशपुर में निर्माणाधीन सड़कों और भवनों का किया निरीक्षण, गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की चेतावनी

जशपुर। जशपुर में पॉलिटेक्निक कॉलेज भवन का निर्माण अमानक स्तर का मिलने पर लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने उप अभियंता रमेश प्रसाद सिंह को निलंबित कर दिया है।

बगीचा में निर्माणाधीन भवन के निरीक्षण के दौरान मिली खामियों को उन्होंने गंभीर अनियमितता माना। उनके निर्देश पर प्रमुख अभियंता कार्यालय ने तत्काल निलंबन आदेश जारी कर दिया। निलंबन अवधि में उप अभियंता का मुख्यालय नवा रायपुर स्थित प्रमुख अभियंता कार्यालय रहेगा।

सचिव बंसल ने जशपुर और पत्थलगांव संभाग में निर्माणाधीन सड़कों और भवनों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई कार्यों की धीमी रफ्तार पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों को अधूरे कामों में तेजी लाने, निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने और सभी परियोजनाएं तय समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।

41 किमी सड़क के चौड़ीकरण का लिया जायजा

सचिव ने केंद्रीय सड़क निधि (CRF) के तहत लुडेग-तपकरा-लवाकेरा मार्ग के 41 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण कार्य का निरीक्षण किया। यह सड़क राज्य राजमार्ग-4 का हिस्सा है। उन्होंने निर्माण एजेंसी की प्रयोगशाला और डामर प्लांट का भी जायजा लिया। अधिकारियों और ठेकेदार को निर्माण के हर चरण में गुणवत्ता की जांच करने और काम की गति बढ़ाने को कहा।

दो सड़कों के काम में तेजी लाने के निर्देश

जशपुर-सन्ना मार्ग के 17.60 किलोमीटर हिस्से के सुदृढ़ीकरण के लिए 13 करोड़ 56 लाख 88 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। सचिव ने इसका निर्माण तत्काल शुरू कर तय समय में पूरा करने को कहा।

वहीं, आस्ता-कुसमी मार्ग के 28 किलोमीटर हिस्से के उन्नयन और मजबूतीकरण के लिए 35 करोड़ 86 लाख 99 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं। उन्होंने इस काम में तेजी लाकर सड़क जल्द तैयार करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सचिव ने जशपुर और पत्थलगांव संभाग के अधिकारियों से अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति भी जानी। उन्होंने नियमित निगरानी और गुणवत्ता के साथ समय पर काम पूरा कराने पर जोर दिया।

↑
Exit mobile version