घर बैठे मोबाइल से काटा धान बेचने का टोकन, किसानों को नहीं लगाने पड़ रहे खरीदी केंद्र के चक्कर

‘किसान तुहर टोकन’ ऐप से आसान हुई धान खरीदी; पेंड्रा के किसान ने 14.40 क्विंटल और मरवाही के किसान ने बेचा 82 क्विंटल धान

रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के दौरान किसानों को अब टोकन के लिए खरीदी केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। राज्य सरकार की ‘किसान तुहर टोकन’ ऐप सुविधा से किसान घर बैठे मोबाइल पर ही धान बेचने के लिए ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर रहे हैं। इससे उनका समय और मेहनत दोनों बच रहे हैं। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के किसानों ने इस सुविधा का लाभ लेकर धान विक्रय किया और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया।

14.40 क्विंटल धान बेचने के लिए लिया ऑनलाइन टोकन

पेंड्रा के किसान कौशल कुमार ने ऐप के माध्यम से घर बैठे धान विक्रय का टोकन प्राप्त किया। इसके बाद पेंड्रा धान खरीदी केंद्र पहुंचकर 14 क्विंटल 40 किलोग्राम धान बेचा। उन्होंने बताया कि टोकन लेने में कोई परेशानी नहीं हुई। पूरी प्रक्रिया आसान रही और उनका समय भी बचा। इस सुविधा के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया।

मरवाही के किसान ने बेचा 82 क्विंटल धान

इसी तरह मरवाही के किसान राजेश यादव ने भी मोबाइल से ऑनलाइन टोकन प्राप्त किया। इसके बाद मरवाही धान उपार्जन केंद्र में 82 क्विंटल धान का विक्रय किया। उनका कहना है कि घर बैठे टोकन मिलने से खरीदी केंद्र में धान बेचने की प्रक्रिया आसान हो गई। पहले टोकन के लिए होने वाली भागदौड़ से भी राहत मिली है।

डिजिटल व्यवस्था से पारदर्शिता पर जोर

राज्य सरकार धान खरीदी व्यवस्था को सरल, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल बढ़ा रही है। ‘किसान तुहर टोकन’ ऐप इसी पहल का हिस्सा है। इसके जरिए किसान अपनी सुविधा के अनुसार ऑनलाइन टोकन लेकर निर्धारित केंद्र में उपज बेच सकते हैं। सरकार का मानना है कि ऐसी तकनीक आधारित सुविधाओं से खेती-किसानी से जुड़ी व्यवस्थाएं अधिक प्रभावी बनेंगी और किसानों को अनावश्यक परेशानी से राहत मिलेगी।

↑
Exit mobile version