हिस्ट्रीशीटर की चाकू गोदकर हत्या: पुराने केस में समझौते का दबाव, परिजनों ने थाना घेरा

बिलासपुर। शहर में शुक्रवार देर शाम एक हिस्ट्रीशीटर की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक निगरानी बदमाश शानू उर्फ अमन हुसैन (25) एक सप्ताह पहले ही जेल से बाहर आया था।
पुलिस के मुताबिक वह एक पुराने जानलेवा हमले के केस में समझौता कराने के लिए युवक पर लगातार दबाव बना रहा था। इसी रंजिश के चलते युवक और उसके साथियों ने मिलकर उस पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया।
घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के पचरी घाट बैराज के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, शानू और विकास तिवारी के बीच करीब 5 साल से विवाद चल रहा था।
2021 में शानू ने विकास पर जानलेवा हमला किया था। बाद में केस को लेकर दोनों पक्षों में तनाव बढ़ता गया। शुक्रवार शाम करीब 7.30 बजे समझौते की बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आए, विवाद बढ़ते ही विकास और उसके साथियों ने शानू पर चाकू से हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल शानू को सिम्स अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद गुस्साए परिजन और स्थानीय लोग थाने पहुंच गए और घेराव कर दिया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाया। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।





