हरियाणा दौरे पर गांधी: 11 साल बाद संगठन निर्माण की कोशिश; गुटबाजी से निपटना सबसे बड़ी चुनौती

दिल्ली। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज (4 जून) हरियाणा दौरे पर रहेंगे। वे चंडीगढ़ में प्रदेश कांग्रेस की वरिष्ठ लीडरशिप से मिलकर पार्टी संगठन को फिर से खड़ा करने और अंदरूनी गुटबाजी को खत्म करने का प्रयास करेंगे। यह राहुल गांधी का हरियाणा में संगठन निर्माण को लेकर 11 साल बाद बड़ा कदम माना जा रहा है।

राहुल गांधी सुबह 11:30 बजे चंडीगढ़ एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सांसद कुमारी सैलजा, रणदीप सुरजेवाला और कांग्रेस प्रभारी बीके हरि सिंह उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद वे कांग्रेस कार्यालय में पार्टी के 17 वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे और एकजुट होकर काम करने का संदेश देंगे।

इस बैठक के बाद राहुल गांधी 22 जिलों के लिए नियुक्त पर्यवेक्षकों से फीडबैक लेंगे। इन पर्यवेक्षकों की मदद से अगले महीने कांग्रेस जिलाध्यक्षों की नई नियुक्तियां की जाएंगी। नए अध्यक्षों के लिए 35 से 55 वर्ष आयु, 5 साल का संगठनात्मक अनुभव और गुटबाजी से दूर रहने जैसे मापदंड तय किए गए हैं।

राहुल गांधी का इस दौरे का मुख्य उद्देश्य गुटबाजी को खत्म कर कार्यकर्ताओं में एकता लाना है। विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान भी वे मंच पर दिखी आपसी तनातनी से नाखुश दिखे थे। नारायणगढ़ में उन्होंने सैलजा और हुड्डा के हाथ मिलवाकर एकता का संदेश देने की कोशिश की थी। चुनावी हार के बाद उन्होंने दिल्ली में समीक्षा बैठक बुलाई थी और कहा था, “हरियाणा के नेताओं के निजी हित पार्टी हित से ऊपर हो गए थे।”

Exit mobile version