न्यायधानी नाइट्स की लगातार तीसरी जीत, सेमीफाइनल के करीब पहुंची टीम

बैलाडीला बुल्स को 4-1 से हराया; चिराग ने हैट्रिक लगाई, अनुभवी सुरेंद्र ने पेनल्टी कॉर्नर पर शानदार बचाव किया

रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में न्यायधानी नाइट्स का शानदार प्रदर्शन जारी है। टीम ने बैलाडीला बुल्स को 4-1 से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ न्यायधानी नाइट्स पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर पहुंच गई है और सेमीफाइनल में उसकी जगह लगभग पक्की मानी जा रही है। दूसरी ओर, बैलाडीला बुल्स अब तक एक भी मैच नहीं जीत सकी है।

उप मुख्यमंत्री और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव की मौजूदगी में खेले गए इस मुकाबले में दोनों टीमों की रक्षापंक्ति मजबूत नजर आई। आमतौर पर हाई स्कोरिंग मैचों के लिए पहचानी जा रही लीग में यह मुकाबला डिफेंस के नाम रहा। पहले क्वार्टर में दोनों टीमों को गोल करने का मौका नहीं मिला।

चिराग की ड्रैग-फ्लिक ने दिलाई बढ़त

दूसरे क्वार्टर में बैलाडीला बुल्स से हुई गलती का न्यायधानी नाइट्स ने फायदा उठाया। मिले पेनल्टी कॉर्नर पर चिराग ने शानदार ड्रैग-फ्लिक से गोल कर टीम का खाता खोला। हाफ टाइम से पहले उन्होंने एक और गोल दागकर बढ़त 2-0 कर दी। हालांकि, बैलाडीला के जसकरण ने गेंद को डिफ्लेक्ट कर गोलपोस्ट में पहुंचाया और स्कोर 2-1 कर दिया।

तीसरे क्वार्टर में न्यायधानी के अनुभवी गोलकीपर सुरेंद्र ने शानदार बचाव किया। 2020 टोक्यो ओलिंपिक के कांस्य पदक विजेता सुरेंद्र ने बैलाडीला की तेज ड्रैग-फ्लिक को स्टिक से रोककर टीम की बढ़त बनाए रखी। इसके बाद चिराग ने तीसरे क्वार्टर के आखिर में गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी की।

केतन ने चौथे गोल से जीत पक्की की

मैच के अंतिम दौर में केतन कुशवाहा ने शानदार टोमाहॉक शॉट लगाकर न्यायधानी का चौथा गोल किया। इस तरह टीम ने 4-1 से मुकाबला अपने नाम कर लिया। चिराग को शानदार प्रदर्शन के लिए ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

न्यायधानी नाइट्स अब 27 अक्टूबर को चक्रधर चैंपियंस से भिड़ेगी, जबकि बैलाडीला बुल्स का अगला मुकाबला 26 अक्टूबर को संस्कारधानी स्ट्राइकर्स से होगा।

↑
Exit mobile version