रणवीर सिंह पर FWICE का बैन: डॉन-3 विवाद में फरहान अख्तर की शिकायत के बाद लिया गया फैसला

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह पर फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव जारी कर दिया है।
इसका मतलब है कि अब फिल्म वर्कर्स एसोसिएशन के सदस्य उनके साथ काम नहीं करेंगे। बिना एसोसिएशन की अनुमति के शूटिंग और फिल्म प्रोडक्शन प्रभावित हो सकता है। यह फैसला सोमवार शाम को फरहान अख्तर की शिकायत के बाद लिया गया।
विवाद फिल्म Don 3 से जुड़ा है। फरहान अख्तर का आरोप है कि रणवीर सिंह ने फिल्म का प्री-प्रोडक्शन शुरू होने के बाद अचानक प्रोजेक्ट छोड़ दिया।
इससे फिल्म मेकर्स को करीब 45 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ। फरहान ने इस मामले को लेकर FWICE में शिकायत दर्ज कराई थी।
FWICE के अध्यक्ष वीएन तिवारी के मुताबिक रणवीर सिंह से इस मामले में तीन बार संपर्क करने की कोशिश की गई। उन्हें 22 अप्रैल, 30 अप्रैल और 13 मई 2026 को रिमाइंडर भेजे गए थे, लेकिन उनकी ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
रणवीर ने अपने जवाब में कहा था कि यह मामला कॉन्ट्रैक्ट और कानूनी शर्तों से जुड़ा है, इसलिए इसका समाधान अदालत या उचित कानूनी मंच पर होना चाहिए।
फरहान अख्तर ने 2023 में रणवीर सिंह को लेकर डॉन-3 का ऐलान किया था। इससे पहले फ्रेंचाइजी की दो फिल्मों में शाहरूख खान मुख्य भूमिका में नजर आए थे। फिल्म को Excel Entertainment के बैनर तले बनाया जा रहा था।
अब FWICE के फैसले के बाद रणवीर सिंह की आने वाली फिल्मों और शूटिंग शेड्यूल पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।





