ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी: इंटरनेशनल बॉडी बिल्डर और वेटलिफ्टर गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ के दुर्ग और रायपुर में शनिवार को सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे से जुड़े दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया। दोनों पर रेलवे में नौकरी लगवाने के नाम पर लोगों से ठगी करने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपियों में अंतर्राष्ट्रीय बॉडी बिल्डिंग रेफरी बी. राजशेखर राव और रेलवे कर्मचारी व वेटलिफ्टर राजलक्ष्मी शामिल हैं।

सीबीआई की टीम ने बी. राजशेखर राव को दुर्ग के न्यू पुलिस लाइन स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया। वहीं राजलक्ष्मी को रायपुर स्थित डीआरएम कार्यालय से हिरासत में लिया गया। कार्रवाई के दौरान दोनों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। जांच टीम को तलाशी के दौरान लाखों रुपए नकद और कई अहम दस्तावेज मिलने की जानकारी सामने आई है।

सूत्रों के मुताबिक, दोनों आरोपी लंबे समय से रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से मोटी रकम वसूल रहे थे। मामले की शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने जांच शुरू की थी। शुरुआती जांच में ठगी के कई इनपुट मिलने के बाद टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

बताया जा रहा है कि सीबीआई अधिकारियों ने दुर्ग और रायपुर में कई घंटे तक पूछताछ की और दस्तावेजों की जांच की। जांच एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह के जरिए कितने लोगों से ठगी की गई और कुल कितनी रकम का लेनदेन हुआ।

रायपुर के डीआरएम कार्यालय ने भी कार्रवाई की पुष्टि की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जानकारी सीबीआई से मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और सीबीआई पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है। इस कार्रवाई के बाद रेलवे कर्मचारियों और खेल जगत से जुड़े लोगों में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button