जम्मू। पवित्र श्री अमरनाथ यात्रा 2026 का गुरुवार को विधिवत शुभारंभ हो गया। जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से सुबह करीब 4 बजे श्रद्धालुओं का पहला जत्था बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए रवाना हुआ।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने श्रद्धालुओं को हरी झंडी दिखाकर यात्रा की शुरुआत कराई। ‘बम-बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।
इस वर्ष 57 दिनों तक चलने वाली अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से 28 अगस्त (रक्षाबंधन) तक चलेगी। श्रद्धालु पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों से पवित्र गुफा तक पहुंचेंगे। पहले जत्थे में केवल उन्हीं श्रद्धालुओं को शामिल किया गया, जिन्होंने पहले से ऑनलाइन पंजीकरण कराया था, RFID कार्ड बनवाया था और ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी की थी।
प्रशासन के अनुसार, इस बार अब तक करीब चार लाख श्रद्धालु यात्रा के लिए पंजीकरण करा चुके हैं। यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए सुरक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन, ठहरने, पेयजल और हेल्प डेस्क सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं और इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) से पूरे यात्रा मार्ग की निगरानी की जा रही है।
उधर, उत्तराखंड की चारधाम यात्रा में भी श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। एक जुलाई तक बद्रीनाथ धाम में 14.5 लाख से अधिक और केदारनाथ धाम में 13.75 लाख से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।
जून के तीसरे सप्ताह से बद्रीनाथ में श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ी है और अब यह केदारनाथ से आगे निकल गया है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से मौसम और सुरक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा निर्धारित नियमों के अनुसार ही यात्रा करने की अपील की है।
