सासाराम स्टेशन पर ट्रेन की जनरल बोगी में लगी आग, यात्रियों में मची भगदड़

सासाराम। बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह बड़ा हादसा टल गया। सासाराम-आरा-पटना पैसेंजर ट्रेन (53212) की जनरल बोगी D3 में अचानक आग लग गई। घटना उस समय हुई जब ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर-6 पर खड़ी थी और सुबह 6:45 बजे रवाना होने वाली थी। आग लगते ही बोगी से धुआं और तेज लपटें उठने लगीं, जिससे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना के वक्त बोगी में बड़ी संख्या में यात्री मौजूद थे। धुआं उठते ही लोग जान बचाने के लिए सामान छोड़कर ट्रेन से नीचे उतरने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले तेज जलने की गंध आई, फिर देखते ही देखते कोच धुएं से भर गया। आसपास की बोगियों में बैठे यात्री भी डरकर प्लेटफॉर्म की ओर भाग निकले। करीब एक घंटे तक स्टेशन पर भगदड़ जैसे हालात बने रहे।

सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारी, RPF और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। रेलवे की पाइपलाइन और फायर ब्रिगेड की मदद से आग बुझाने का काम शुरू किया गया। अधिकारियों के अनुसार, आग कई बार फिर भड़क उठी, लेकिन कर्मचारियों ने लगातार प्रयास कर करीब एक घंटे में पूरी तरह काबू पा लिया। इस दौरान 20 से ज्यादा रेलवे कर्मचारी राहत कार्य में जुटे रहे।

जिस कोच में आग लगी थी, उसे ट्रेन से अलग कर दिया गया है। हालांकि सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के घायल होने की खबर नहीं है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी को आग का कारण माना जा रहा है। घटना के बाद ट्रेन को रद्द कर दिया गया है और प्लेटफॉर्म खाली करा दिया गया।

गौरतलब है कि रविवार को भी त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस की दो बोगियों में आग लगने की घटना सामने आई थी। लगातार दूसरे दिन ट्रेन में आग लगने से रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

Exit mobile version