StateNewsदेश - विदेश

जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी, हिमाचल में तापमान माइनस 7°: नेशनल हाईवे समेत 1300 से ज्यादा सड़कें बंद; यूपी के 20 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

दिल्ली। उत्तर भारत में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। जम्मू-कश्मीर की भद्रवाह घाटी में लंबे इंतजार के बाद इस सीजन की पहली बर्फबारी हुई। इसके साथ ही पटनीटॉप, नथाटॉप, सनासर और बटोटे में भी बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। लगातार बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित हुआ है और कई इलाकों में यातायात ठप हो गया है।

हिमाचल प्रदेश में भी भारी बर्फबारी के चलते ठंड और बढ़ गई है। लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य में बर्फबारी के कारण 1291 सड़कें बंद हैं। सीमा सड़क संगठन और लोक निर्माण विभाग बर्फ हटाने के काम में जुटे हैं, इसके लिए करीब 385 मशीनें लगाई गई हैं। हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में मिलाकर 1300 से ज्यादा सड़कों को खोलने का काम लगातार जारी है।

भारी बर्फबारी के चलते श्रीनगर-जम्मू नेशनल हाईवे दो दिन तक बंद रहा, जिसे अब आंशिक रूप से बहाल किया गया है। नाशरी और नवयुग सुरंग के बीच फंसे वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर निकाला जा रहा है। वहीं, सोनमर्ग में श्रीनगर-लेह हाईवे पर जोजिला पास के पास BRO ने बर्फ हटाने का अभियान तेज कर दिया है।

दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने राज्य के 20 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके साथ ही तापमान में 5 से 6 डिग्री तक गिरावट आने का अनुमान है। हरियाणा और पंजाब के कई जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब में बठिंडा सबसे ठंडा रहा, जहां तापमान 0.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की चेतावनी दी है।

Related Articles

Back to top button