11 गेंदों में फिफ्टी, 29 गेंदों पर 94 रन: वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा 20 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड

दिल्ली। भारत-ए के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 50 ओवर क्रिकेट में इतिहास रचते हुए सबसे तेज अर्धशतक लगाने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

श्रीलंका-ए के खिलाफ ट्राई सीरीज के फाइनल मुकाबले में वैभव ने महज 11 गेंदों में फिफ्टी पूरी कर 20 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड श्रीलंका के कौशल्य वीरात्ने के नाम था, जिन्होंने 2006 में 12 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था।

फाइनल मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए केवल 29 गेंदों पर 94 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 10 चौके और 8 शानदार छक्के शामिल रहे।

शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने श्रीलंकाई गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और भारत-ए को तूफानी शुरुआत दिलाई। हालांकि वह अपने शतक से महज 6 रन दूर रह गए और कप्तान सहान अराच्चिगे की गेंद पर कैच आउट हो गए।

वैभव की इस पारी की बदौलत भारत-ए ने शुरुआती ओवरों में ही मैच पर मजबूत पकड़ बना ली। 20 ओवर के बाद टीम का स्कोर 2 विकेट पर 188 रन था।

वैभव के आउट होने के कुछ देर बाद दूसरे ओपनर प्रियांश आर्या भी 29 गेंदों में 39 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद कप्तान तिलक वर्मा और ऋतुराज गायकवाड़ ने पारी को संभाला।

वैभव सूर्यवंशी इससे पहले भी अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से चर्चा में रहे हैं। इसी साल अंडर-19 विश्व कप फाइनल में उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 80 गेंदों में 175 रन की धमाकेदार पारी खेली थी और 55 गेंदों में शतक पूरा किया था।

अब 11 गेंदों में अर्धशतक लगाकर उन्होंने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर ली है। वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के AB de Villiers के नाम है, जिन्होंने 2015 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 15 गेंदों में फिफ्टी पूरी की थी।

वहीं वैभव ने लिस्ट-ए क्रिकेट में नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा दिया है।

Exit mobile version