ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

नकली गोल्ड फ्लैक सिगरेट का भंडाफोड़: ITC टीम ने ग्राहक बनकर पकड़ा 5 लाख का माल

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नकली सिगरेट के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। व्यापार विहार स्थित मालधक्का क्षेत्र में डुप्लीकेट गोल्ड फ्लैक सिगरेट की सप्लाई की जा रही थी।

दिल्ली से आई आईटीसी लिमिटेड की टीम ने ग्राहक बनकर कार्रवाई की और करीब 5 लाख रुपए कीमत की नकली सिगरेट जब्त कराई।

जानकारी के अनुसार, टीम को पहले से इनपुट मिला था कि शहर में बड़े स्तर पर नकली सिगरेट खपाई जा रही है। इसके बाद टीम बिलासपुर पहुंची और अलग-अलग पान दुकानों से सैंपल लेकर जांच की। जांच में सिगरेट नकली पाई गई, जिसके बाद सप्लाई चेन तक पहुंचने की योजना बनाई गई।

टीम के सदस्य ग्राहक बनकर कारोबारी से संपर्क में आए। आरोपी ने उन्हें महाराणा प्रताप चौक के पास निगम कॉलोनी बुलाया। यहां से वे थोक सप्लायर रोशन चंदानी की फर्म तक पहुंचे। दुकान पर मौजूद सिगरेट के पैकेट और स्टिक की जांच करने पर माल नकली निकला।

इसके बाद टीम ने सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना दी और मौके से करीब 4 कार्टून सिगरेट जब्त कराई गई। पुलिस ने देर रात तक कार्रवाई जारी रखी और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह गिरोह रोजाना करीब 2 लाख रुपए तक की नकली सिगरेट बाजार में खपा रहा था।

नकली और असली सिगरेट की पहचान पैकिंग, होलोग्राम, सुरक्षा कोड, स्टिक की बनावट और तंबाकू की गुणवत्ता से की जाती है। इस खुलासे के बाद शहर में हड़कंप मच गया है और सिविल लाइन थाने में देर रात तक व्यापारियों की भीड़ जुटी रही।

Related Articles

Back to top button