सुकमा में मुठभेड़: 5 लाख का इनामी नक्सली ढेर, हथियार बरामद

सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। पोलमपल्ली थाना क्षेत्र के जंगलों में हुई मुठभेड़ में जवानों ने 5 लाख रुपये के इनामी नक्सली PPCM मूचाकी कैलाश को मार गिराया। मुठभेड़ के बाद सर्चिंग के दौरान उसका शव और हथियार भी बरामद किए गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। रविवार सुबह जंगल-पहाड़ी इलाके में जवानों और नक्सलियों के बीच आमना-सामना हो गया, जिसके बाद दोनों ओर से रुक-रुककर फायरिंग होती रही। इस दौरान जवानों ने प्रभावी जवाबी कार्रवाई करते हुए मूचाकी कैलाश को ढेर कर दिया।

मृतक नक्सली मूचाकी कैलाश सुकमा के चिंतलनार थाना क्षेत्र के पूलनपाड़ का निवासी था और नक्सली संगठन में प्लाटून नंबर 31 का सेक्शन कमांडर (PPCM) के रूप में सक्रिय था। उस पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, वह ग्रामीणों की हत्या, सुरक्षा बलों पर हमले और आईईडी ब्लास्ट जैसी कई बड़ी घटनाओं में शामिल रहा है।

मुठभेड़ के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है, ताकि अन्य नक्सलियों की मौजूदगी का पता लगाया जा सके। इस कार्रवाई को नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियान में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पट्टलिंगम ने कहा कि माओवादी कैडरों के पास आत्मसमर्पण और पुनर्वास का अवसर अब सीमित समय के लिए ही बचा है। उन्होंने नक्सलियों से हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटने की अपील की है।

Exit mobile version