रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने फेसबुक पर पोस्ट साझा कर बघेल की राजनीति पर सवाल उठाए और उनके पोस्ट को घटिया राजनीति का स्तर बताया। चौधरी ने कहा कि उनके वीडियो में कही गई बातों में कुछ भी गलत नहीं है। भूपेश बघेल को इन सवालों का जवाब देना चाहिए।
मंत्री चौधरी ने कहा कि उनके वीडियो में यह जिक्र किया गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आजाद भारत में पहली बार आदिवासी समाज से राष्ट्रपति बनवाया। इसमें आपत्ति की क्या बात है? उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस को आजादी के बाद 50 साल से अधिक समय तक सत्ता में रहने का अवसर मिला, फिर आदिवासी समाज से राष्ट्रपति क्यों नहीं बनाया गया?
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया। आज यह दिवस पूरे देश में मनाया जाता है। चौधरी ने पूछा कि कांग्रेस के प्रधानमंत्रियों ने इतने लंबे कार्यकाल के बावजूद भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को राष्ट्रीय स्तर पर क्यों नहीं मनाया? उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति गांधी परिवार से आगे नहीं देख पाती।
IAS चयन और हिंदी साहित्य का भी किया जिक्र
ओपी चौधरी ने अपनी शैक्षणिक पृष्ठभूमि का जिक्र करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद उनका चयन IAS के रूप में हुआ। गणित का विद्यार्थी होने के बावजूद उन्होंने परीक्षा में हिंदी साहित्य विषय भी चुना था। उन्होंने कहा कि भाषाई विषयों को सीखने के लिए हमेशा तैयार हैं, लेकिन घटिया राजनीति करने वाले व्यक्ति से कोई प्रमाणपत्र नहीं लेंगे।
बिरसा मुंडा जयंती पर कार्यक्रम का मांगा ब्योरा
चौधरी ने भूपेश बघेल के सोशल मीडिया पोस्ट पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर बघेल की ओर से केवल तैयार पोस्ट दिखाई दिया। जनता के बीच उनकी कोई गतिविधि नजर नहीं आई। उन्होंने बघेल से जयंती पर किए गए किसी सार्वजनिक कार्यक्रम का ब्योरा साझा करने को कहा। ऐसा कार्यक्रम नहीं करने पर आदिवासी समाज, प्रदेश और देश से माफी मांगने की बात भी कही।
