रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार के तहत दुर्ग जिले को 739 करोड़ 38 लाख रुपए के विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी।
दुर्ग के स्वर्गीय झाड़ूराम देवांगन शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैदान में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में मुख्यमंत्री ने 251 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।
इनमें 362 करोड़ 46 लाख रुपए की लागत के 98 कार्यों का लोकार्पण तथा 376 करोड़ 92 लाख रुपए की लागत के 153 नए कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन केवल योजनाएं बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि सरकार का दायित्व है कि वह जनता के बीच पहुंचकर अपने काम का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करे।
उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा रहा है और योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने दुर्ग में सर्वसुविधायुक्त संयुक्त जिला कार्यालय भवन निर्माण की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि बेहतर प्रशासनिक अधोसंरचना से नागरिक सेवाओं में पारदर्शिता और सुविधा बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक मई से शुरू हुआ सुशासन तिहार 10 जून तक प्रदेश के सभी 33 जिलों में संचालित किया जा रहा है।
शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां हितग्राहियों को ड्राइविंग लाइसेंस, आयुष्मान कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, मत्स्यपालकों को जाल, महिला समूहों को प्रोत्साहन राशि, छात्रवृत्ति और आवास स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना और ई-डिस्ट्रिक्ट सेवाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार गरीब, किसान, महिला और युवाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने दुर्ग में शुरू हुए आईटी पार्क को युवाओं के लिए रोजगार और तकनीकी अवसरों का नया केंद्र बताया। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
