3 प्रतिष्ठानों में काम बंद कराया; बिस्किट पैकेट पर 9 दिन आगे की तारीख डालकर हो रही थी पैकिंग, दुकान संचालक पर केस
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग-भिलाई में खाद्य विभाग ने मिठाई और डेयरी प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर बड़ी अनियमितताओं का खुलासा किया है।
जांच में एक्सपायरी दूध से पनीर बनाने, गंदगी में मिठाइयां तैयार करने और बिस्किट के पैकेट पर भविष्य की तारीख डालने के मामले सामने आए। कार्रवाई के दौरान करीब 2500 किलो मिठाई और 1000 लीटर दूध नष्ट कराया गया। तीन प्रतिष्ठानों में काम भी बंद करा दिया गया।
एक्सपायरी दूध से बना रहे थे पनीर
नंदनी रोड स्थित मां दुर्गा डेयरी में पनीर और दही गंदगी के बीच बनाए जा रहे थे। पनीर बनाने में एक्सपायरी पैक्ड दूध का इस्तेमाल किया जा रहा था। टीम ने पनीर, दूध और दही के नमूने लेकर लैब भेजे। इसके बाद करीब 1000 लीटर दूध और 80 किलो दही नष्ट कराया गया।
लड्डू और सोनपापड़ी भी नष्ट
कैंप-2 स्थित गुप्ताजी लड्डू हाउस में करीब 250 किलो मैदे के लड्डू मिले। इनमें मानकों के अनुरूप नहीं होने वाले रंग और स्वीटनिंग एजेंट के इस्तेमाल की आशंका थी।
वहीं, बैकुंठधाम स्थित मुस्कान फूड प्रोडक्ट्स में गंदगी के बीच मिठाइयां बनाई और पैक की जा रही थीं। लड्डू, सोनपापड़ी, पेड़ा और बर्फी बिना लेबल वाले प्लास्टिक जार में पैक किए जा रहे थे। यहां पेड़ा, सोनपापड़ी, मसूर पाक समेत अन्य मिठाइयों को नष्ट करने की कार्रवाई की गई।
बिस्किट पर 9 दिन आगे की तारीख
वैशाली नगर स्थित जलाराम नमकीन एंड डेयरी में जांच के दौरान बिस्किट के पैकेट पर 1 नवंबर 2026 की तारीख दर्ज मिली, जबकि जांच 23 अक्टूबर को हुई थी। यानी पैकेट पर नौ दिन आगे की तारीख डाली जा रही थी। विभाग ने संचालक के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की है।
खाद्य विभाग के मुताबिक, तीनों प्रतिष्ठानों में काम बंद करा दिया गया है। लाइसेंस निलंबित करने की सिफारिश भी की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
