StateNewsChhattisgarhछत्तीसगढ़

नशे में लड़खड़ाया दूल्हा, दुल्हन ने मंडप में ही तोड़ी शादी

बिलासपुर। बिलासपुर और कसडोल के बीच एक शादी का जश्न उस वक्त हंगामे और कानूनी विवाद में बदल गया, जब दूल्हे की शराब पीने की लत ने मंडप सूना कर दिया। यह घटना बिलासपुर के सिरगिट्टी क्षेत्र के युवक और कसडोल की युवती के बीच तय हुए विवाह की है।

नशे में दूल्हा और दुल्हन का साहसी फैसला

27 अप्रैल को बिलासपुर के कोरमी से राजू मांडले की बारात कसडोल पहुंची थी। बारात में डीजे की धुन पर बाराती जमकर थिरक रहे थे।

जैसे ही ‘द्वार-चार’ की रस्म के लिए दूल्हा गाड़ी से नीचे उतरा, वह शराब के नशे में इस कदर धुत था कि ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। दूल्हे को लड़खड़ाते देख दुल्हन सुनीता ने तुरंत शादी से इनकार कर दिया। उसने दो टूक कहा कि वह ऐसे व्यक्ति के साथ अपनी जिंदगी नहीं बिता सकती। दुल्हन के इस फैसले का उसके परिवार ने भी पूरा समर्थन किया।

बंधक बनाने का आरोप और 20 लाख की मांग

शादी टूटने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। दूल्हे के दादा मनीराम मांडले ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि लड़की पक्ष ने दूल्हे राजू, उसके पिता और 7 अन्य रिश्तेदारों को बंधक बना लिया है।

आरोप है कि लड़की पक्ष ने शादी की तैयारी और बदनामी के एवज में पहले 20 लाख और फिर बातचीत के बाद 7 लाख रुपये की मांग की। इसी सौदेबाजी के चलते बारातियों को घर जाने नहीं दिया गया।

पुलिस की एंट्री और सुलह की कोशिश

जब मामला सिरगिट्टी थाने पहुंचा, तो पुलिस ने कसडोल पुलिस से संपर्क किया। पुलिस के पहुंचने पर लड़की पक्ष ने बंधक बनाने के आरोपों से इनकार किया और कहा कि वे केवल शादी के खर्च की भरपाई चाहते हैं।

सिरगिट्टी थाना प्रभारी किशोर केंवट ने स्पष्ट किया कि मामला बंधक बनाने का नहीं, बल्कि सामाजिक स्तर पर हर्जाने को लेकर चल रही बातचीत का है। फिलहाल कसडोल पुलिस दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने और वैधानिक कार्रवाई में जुटी है। यह घटना समाज में संदेश देती है कि अब बेटियां गलत आदतों के खिलाफ आवाज उठाने से पीछे नहीं हटतीं।

Related Articles

Back to top button