ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

ड्रोन सर्वे से अवैध खनन पर बड़ा प्रहार: बलौदाबाजार में 6 क्रशर सीलबंद, सारंगढ़ में मशीन जब्त

रायपुर। रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। राज्य सरकार की इस मुहिम का असर अब जमीन पर दिखाई देने लगा है। खनिज संसाधनों के संरक्षण और नियमों के तहत उनके उपयोग को सुनिश्चित करने के लिए खनिज विभाग ने कई जिलों में बड़ी कार्रवाई की है।

खनिज साधन विभाग के सचिव एवं संचालक के निर्देश पर केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता की संयुक्त टीम ने 21 और 22 जून को विभिन्न जिलों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। प्राप्त शिकायतों के आधार पर की गई जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई की गई।

बलौदाबाजार में 6 क्रशर इकाइयां सीलबंद

जिला बलौदाबाजार के ग्राम खपरीडीह में गौण खनिज निम्न श्रेणी चूनापत्थर से संबंधित अस्थायी भंडारण स्थलों और खदानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान नियमों के उल्लंघन और अन्य अनियमितताएं पाए जाने पर 6 क्रशर इकाइयों को सीलबंद कर दिया गया। संबंधित संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

सारंगढ़-बिलाईगढ़ में अवैध रेत उत्खनन पर कार्रवाई

वहीं, सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम दहिदा स्थित महानदी क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान एक चैन माउंटेन मशीन से अवैध रेत उत्खनन करते हुए पाया गया। खनिज अधिनियम के तहत मशीन को जब्त कर सीलबंद कर दिया गया। मशीन स्वामी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

ड्रोन सर्वे से हुई निगरानी

खनिज विभाग ने आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए सभी स्थलों का ड्रोन सर्वे भी कराया। इससे खनन गतिविधियों का सटीक आकलन और सत्यापन संभव हो सका।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश में अवैध खनन किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और खनिज संपदा के संरक्षण के लिए नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। वहीं, खनिज सचिव पी. दयानंद ने अधिकारियों को ड्रोन सर्वे और सतत निगरानी के जरिए अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Back to top button