आंधी-बारिश और लू का डबल अटैक: यूपी में 13 मौतें, कई राज्यों में मौसम का बदला मिजाज

दिल्ली। देशभर में मौसम ने बीते 24 घंटों में दोहरे तेवर दिखाए हैं—कहीं भीषण गर्मी तो कहीं आंधी-बारिश ने कहर बरपाया है। उत्तर प्रदेश में तेज आंधी और बारिश से 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 लोग घायल हुए हैं। सबसे ज्यादा 7 मौतें सुल्तानपुर में हुईं। अयोध्या और अमेठी में 2-2 लोगों की जान गई, जबकि प्रयागराज और गाजीपुर में एक-एक मौत दर्ज की गई है।

इधर, भीषण गर्मी का असर भी जारी है। यूपी का बांदा लगातार तीसरे दिन सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजस्थान, मध्य प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और गुजरात के कई इलाकों में भी पारा 40 से 46 डिग्री के बीच बना रहा। हालांकि, कुछ जगहों पर हल्की बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आई, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली।

मौसम विभाग के अनुसार, यह बदलाव एक साथ सक्रिय तीन सिस्टम—पश्चिमी विक्षोभ, ट्रफ लाइन और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी—की वजह से हो रहा है। यही कारण है कि देश के अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग तरह का मौसम देखने को मिल रहा है।

आने वाले दिनों की बात करें तो 1 मई को पश्चिमी राजस्थान में लू चलने का अनुमान है, वहीं मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और ओडिशा समेत कई राज्यों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। केरल, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।

2 मई को भी मौसम का यही मिजाज बना रहेगा। राजस्थान में धूल भरी आंधी और लू का असर रहेगा, जबकि कई राज्यों में तेज हवा और बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।

Exit mobile version