रायपुर में खौफनाक वारदात: बर्खास्त पुलिसकर्मी ने पत्नी और सौतेली बेटी को कुल्हाड़ी से उतारा मौत के घाट

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से सटे विधानसभा थाना क्षेत्र के सेमरिया गांव में बुधवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक बर्खास्त पुलिसकर्मी ने चरित्र शंका और घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी और 22 वर्षीय सौतेली बेटी की कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया।

कुल्हाड़ी से किया ताबड़तोड़ हमला

जानकारी के अनुसार, आरोपी गुलाब साहू ने सुबह करीब 7 बजे अपनी पत्नी लता साहू पर कुल्हाड़ी से हमला किया। जब बीच-बचाव करने सौतेली बेटी चित्रा साहू (22) आई, तो आरोपी ने उसे भी मौत के घाट उतार दिया। मौके पर पहुंची पुलिस को मां-बेटी के शव लथपथ हालत में मिले; बेटी का सिर बुरी तरह कुचला हुआ था।

अफेयर और टॉर्चर का लगाया आरोप

थाने में आत्मसमर्पण करने के बाद आरोपी गुलाब साहू ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी का किराएदार के साथ प्रेम प्रसंग था। उसने आरोप लगाया कि किराएदार ने उसकी पत्नी और बेटी का “ब्रेनवॉश” कर दिया था और वे दोनों मिलकर उसे घर से निकालने की धमकी देती थीं। आरोपी के मुताबिक, लगातार मानसिक प्रताड़ना (टॉर्चर) से तंग आकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।

अनुशासनहीनता के कारण हुआ था बर्खास्त

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गुलाब साहू पूर्व में पुलिस विभाग में कार्यरत था, लेकिन अनुशासनहीनता के चलते उसे सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। वह करीब 2 साल पहले बिलासपुर में पदस्थ था, जिसे ट्रेनिंग के बाद छोड़ना पड़ा। इसके बाद वह मार्केटिंग लाइन में काम करने लगा था।

4 साल पहले हुई थी दूसरी शादी

मृतका लता साहू ने करीब 4 साल पहले गुलाब साहू से दूसरी शादी की थी। चित्रा, लता की पहली शादी से हुई संतान थी। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर उन्हें पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Exit mobile version