ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

विधानसभा में आज 63 ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर चर्चा: फर्जी ग्रामसभा का मुद्दा-मास्टर प्लान पर सरकार से जवाब मांगेगा विपक्ष

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन गुरुवार को सदन में जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। कार्यसूची के अनुसार आज 63 ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा।

प्रश्नकाल के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री और पाटन विधायक भूपेश बघेल फर्जी ग्रामसभाओं के आधार पर उद्योगों की स्थापना और इस मामले में दोषियों के खिलाफ की गई कार्रवाई को लेकर सरकार से जवाब मांगेंगे।

सदन में रायपुर शहर के मास्टर प्लान में कथित अनियमितता, प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में प्रतिनियुक्त कर्मचारियों के वेतन भुगतान, जर्जर सड़कों, औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा व्यवस्था, जंगलों की अवैध कटाई और कोरिया जिले में कार में जिंदा जलाकर हत्या जैसे गंभीर मुद्दों पर भी चर्चा होगी।

भाजपा विधायक अजय चंद्राकर नवा रायपुर स्थित सेवाग्राम की वित्तीय और भौतिक प्रगति की जानकारी मांगेंगे। वहीं विधायक आशाराम नेताम आत्मानंद स्कूलों में कर्मचारियों के लंबित वेतन का मुद्दा उठाएंगे।

विधायक राघवेंद्र सिंह ‘ज्ञान भारतम् अभियान’ के तहत प्राचीन पांडुलिपियों और ताम्रपत्रों के संरक्षण की स्थिति पर सवाल करेंगे। कांग्रेस विधायक कुंवर सिंह निषाद मत्स्य पालन के लिए पट्टा आवंटन, जबकि दलेश्वर साहू उर्वरक वितरण से जुड़े विषय पर सरकार का पक्ष जानना चाहेंगे।

इसके अलावा चौथे दिन दो अशासकीय संकल्प भी सदन में पेश किए जाएंगे। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर प्रदेश में प्लास्टिक के बढ़ते उपयोग पर रोक लगाने का प्रस्ताव रखेंगे, जबकि विधायक सुशांत शुक्ला छत्तीसगढ़ में खेल विश्वविद्यालय की स्थापना का संकल्प प्रस्तुत करेंगे।

मानसून सत्र के पिछले दिनों विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच कई मुद्दों पर तीखी नोकझोंक देखने को मिली थी। ऐसे में आज भी सदन में विभिन्न जनहित के मुद्दों पर जोरदार बहस और सरकार से जवाबदेही तय करने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button